इंसान के हौंसले बुलंद हो तो इंसान क्या कुछ नहीं कर सकता। इसलिए अगर इंसान में कुछ करने का हौंसला है तो वह बड़ी-से-बड़ी मुश्किल को भी आसानी से हल कर सकता है। ऐसा ही कारनामा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रहने वाले मोहित ने कर दिखाया। मोहित जिले के कुराली स्थित शांति पॉलीटेक्निक में (मैकेनिक आटोमोबाइल ट्रेड) अंतिम वर्ष का छात्र है।
उसने बाइक के पेट्रोल इंजन को हवा से चलाकर सब को हैरान कर दिया। उसने ऐसा पहले चार बार किया लेकिन चारों बार ही उसे असफलता का सामना करना पड़ा। छात्र के इस प्रशिक्षण से उसके कॉलेज प्रशासन भी बहुत खुश हैं। मोहित ने यामहा बाइक के स्ट्रोक इंजन को हवा से चलाकर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। मोहित के अनुसार दो वर्ष पूर्व कॉलेज जाते समय उसने एक ट्रक के प्रेशर ब्रेक से ओवर होने पर हवा निकलने की आवाज सुनीं थी।
इसके बाद उसने प्रेशर ब्रेक के सिद्धांत पर हवा से चलने वाले इंजन की कल्पना की। अपनी कल्पना को अंजाम देने के लिए उसने कबाड़ी से चार हजार रुपए एक यामाहा बाइक का टू-स्ट्रोक इंजन खरीदा। इसके बाद वह हवा से चलने वाले इंजन को बनाने में जुट गया। इसमें उसने कॉलेज अध्यापकों से भी सलाह ली। वह चार बार अपनी खोज में असफल रहा, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। एक माह पूर्व वह पांचवीं बार अपनी सोच को हकीकत में बदलने में कामयाब हो गया।
मोहित के अनुसार उसने बाइक के इंजन में कुछ बदलाव कर प्लग के स्थान पर वाल्व लगाए। हवा को कंप्रेशर के जरिए एक सिंलडर में हाइ प्रेशर पर जमा किया। हाइ प्रेशर हवा को पाइप के माध्यम से इंजन में पहुंचाया। इससे इंजन चल पड़ा। मोहित ने बताया कि इंजन की क्षमता पेट्रोल से चलने वाले इंजन के बराबर है और आरपीएम (राउंड पर मिनट) भी पूरे हैं। नई खोज को देखने वाले लोग दंग रह गए। मोहित ने बताया कि प्रयोग में 18 हजार रुपए का खर्चा आया है। इसे उसने अपनी पॉकेट मनी से जमा किया था।

No comments:
Post a Comment